नई दिल्ली: मशहूर लेखिका और समाजिक कार्यकर्ता कमला भसीन का आज सुबह निधन हो गया। वे कुछ महीने पहले कैंसर से पीड़ित थीं। कमला भसीन निधन की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता कविता श्रीवास्तव ने दी।
कविता श्रीवास्तव ने ट्विटर पर लिखा, ”हमारी प्रिय मित्र कमला भसीन का आज 25 सितंबर को लगभग 3 बजे निधन हो गया। यह भारत और दक्षिण एशियाई क्षेत्र में महिला आंदोलन के लिए एक बड़ा झटका है। विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने जीवन का जश्न मनाया। कमला आप हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगी। एक बहन जो गहरे दुख में है।”
आपको बता दें कि भारत और अन्य दक्षिण एशियाई देशों में महिला आंदोलन में भसीन एक प्रमुख आवाज रही हैं। सामाजिक सगंठनों ने कहा है कि कमला भसीन के निधन से महिलावादी आंदोलन समेत सभी जन आंदोलनों की अपूरणीय क्षति हुई है।