पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी
शाहगंज, जौनपुर। क्षेत्र के सिधाई गांव में मंगलवार की शाम दो सगे भाई बहनों ने एक ही साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया। फिलहाल पुलिस दोनों शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुटी है।क्षेत्र के सिधाई गांव में मंगलवार की शाम करीब चार बजे दरोगा लाल के पुत्र राज कपूर (21) उसकी छोटी बहन पुष्पा (19) का शव कमरे में लगें पंखे के सहारे साड़ी के फंदे में लटकता देख परिजनों के होश उड़ गये। परिवार के लोग आनन-फानन में शव को नीचे उतारकर राजकीय पुरुष अस्पताल लाए। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। बताते हैं कि राज कपूर तीन वर्ष पूर्व एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था घटना के बाद से वह शारीरिक रूप से विकलांग हो गया था। छोटी बहन बराबर उसकी देखभाल करती थी। जो राजकीय महिला महाविद्यालय शाहगंज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। आत्महत्या करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया। मृतक के पिता दरोगा लाल कानपुर में कपड़े के कारखाने में नौकरी करते हैं। चार भाइयों में सबसे छोटे मृतक राजकपूर सड़क दुर्घटना में विकलांग होने के बाद घर पर ही रहता था। पत्नी और एक चार वर्षीय मासूम बेटे की देखभाल परिवार के लोगों के ही जिम्मे थी। तीन भाई भी मेहनत मजदूरी कर परिवार चलते थे। मृतका सात भाई बहनो में सबसे छोटी थी। घटना से परिवार में मातम का माहौल है।