ओपी राजभर ने अखिलेश से मिलाया हाथ, कहा- यूपी में भाजपा साफ!

0
178

लखनऊ: यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं । यूपी चुनाव से पहले काफी लंबे समय से बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अब समाजवादी पार्टी के साथ आ गए हैं। समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। सपा ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर अखिलेश यादव और ओम प्रकाश राजभर की तस्वीर भी पोस्ट की है।

समाजवादी पार्टी ने ट्विटर पर लिखा, वंचितों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों, महिलाओं, किसानों, नौजवानों, हर कमजोर वर्ग की लड़ाई समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर लड़ेंगे। सपा और सुभासपा आए साथ, यूपी में भाजपा साफ!

आपको बता दें कि ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी की खूब खिलाफत की है। 2019 में वो योगी सरकार में मंत्री थे। उन्हें पिछड़ा वर्ग कल्याण-दिव्यांग जन कल्याण मंत्री का पद दिया गया था। 2019 में हुए लोकसभा चुनावों के नतीजे आने से पहले योगी सरकार ने उन्हें बर्खास्त कर दिया था। सरकार में मंत्री रहते हुए वो सरकार के खिलाफ खूब बयानबाजी करते रहे।

ओपी राजभर ने कहा- अबकी बार, भाजपा साफ

ओपी राजभर ने अखिलेश के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए कहा, ”अबकी बार, भाजपा साफ़! समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर आए साथ। दलितों, पिछड़ों अल्पसंख्यकों के साथ सभी वर्गों को धोखा देने वाली भाजपा सरकार के दिन हैं बचे चार। मा. पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के सुप्रीमो आदरणीय श्री अखिलेश यादव जी से शिष्टाचार मुलाकात की।”

राजभर ने अखिलेश को 27 अक्टूबर को मऊ में महापंचायत के लिए आमंत्रित किया

ओपी राजभर ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी भारतीय जनता पार्टी को यूपी में सत्ता से हटाने के लिए एक साथ आए हैं। मैंने अखिलेश यादव को 27 अक्टूबर को मऊ में महापंचायत के लिए आमंत्रित किया है। बता दें, सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। राजभर ने 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से वो लगातार भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हैं। राजभर ने शुक्रवार को कहा था कि उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के हलदरपुर में 27 अक्टूबर को महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन संबंधी घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई सालों से अपने अधिकारों से वंचित लोगों के लिए भागीदारी संकल्प मोर्चा का गठन किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here