जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुआ खुशहाल परिवार दिवस

0
152

सरकार की अनूठी पहल है खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन:

नवनीत दीक्षित

सीतापुर, 22 जनवरी। जिले के 30 स्वास्थ्य केंद्रों पर गुरुवार को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिले के सभी 29 सीएचसी और जिला महिला चिकित्सालय सहित तीन ग्रामीण पीएचसी, छह शहरी पीएचसी और एक उपकेंद्र पर हुआ। इस मौके पर लाेगों को परिवार नियोजन के लाभों और साधनों के बारे में जानकारी दी गई।
परसेंडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर क्षेत्रीय विधायक सुनील वर्मा ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन को लेकर सरकार की यह अनूठी पहल है। उन्होंने कहा कि खुशहाल परिवार दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य यह है कि समाज में परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता बढ़ सके साथ ही लोग बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से परिवार नियोजन के साधनों को अपनाएं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनील शुक्ला ने कहा कि इस आयोजन में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आशा कार्यकर्ता ही गृह भ्रमण के दौरान उन दम्पति को चिन्हित करेंगी जो परिवार नियोजन के किसी साधन को नहीं अपना रहे हैं। उनकी काउंसिलिंग से लेकर बास्केट ऑफ च्वाइस में मौजूद साधनों से अवगत कराएंगी। इसके अलावा इन साधनों को अपनाने को लेकर कोई भ्रान्ति होगी तो उसे भी दूर करेंगी। इच्छुक दम्पति का रजिस्ट्रेशन करेंगी। आशा कार्यकर्ता खुशहाल परिवार दिवस पर लक्षित सनूह की चिन्हित अधिकतम महिलाओं को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर चलने के लिए प्रेरित करेंगी ताकि उनको और विस्तार से परिवार नियोजन साधनों के बारे में जानकारी मुहैया करायी जा सके।
इस मौके पर परिवार नियोजन प्रबंध जावेद खान ने बताया कि जटिल गर्भावस्था की प्रसूताओं को जोखिम से बचाने के लिए उन्हें परिवार नियोजन के साधनों से जोड़ना बहुत जरूरी है। इसके लिए ऐसी महिलाओं को चिन्हित किया गया है, जिन्हें गर्भावस्था की जटिलताएं हैं, जिससे कि उन्हें उचित देखभाल दी जा सके। इन विवाहित दंपत्ति को नई पहल किट भी प्रदान की जा रही है, जो उन्हें परिवार नियोजन अपनाने के लिए सहायक होगी। उन्होंने कहा कि नव विवाहित दंपत्ति को परिवार नियोजन के साधनों के बारे में बास्केट ऑफ च्वाइस के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। इसके लिए आशा कार्यकर्ता भी लोगों की शंकाओं का निवारण कर उन्हें सलाह दे रही हैं। इस मौके पर सीएचसी पर एक नसबंदी शिविर का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीपीएम हरकेश वर्मा, पीएफआई के अभिषेक आदि मौजूद रहे।
इनसेट —
इन्हें दिया गया लाभ —
उच्च जोखिम वाली 107 महिलाओं की कॉउंसलिंग की गई। इसके अलावा 273 छाया और 218 माला एन गोलियों तथा 947 कंडोम का वितरण किया गया। इस मौके पर 2898 नव विवाहिताओं की कॉउंसलिंग की गई। इसके अलावा 20 महिलाओं को अंतरा इंजेक्शन लगाया गया। साथ ही 892 छाया, 311 माला एन और 2060 कंडोम का वितरण किया गया। जिन दंपत्ति के 3 से अधिक बच्चे हैं, उनमें से 102 की नसबंदी की गई, 98 को पीपी आईयूसीडी और 123 को आईयूसीडी का लाभ दिया गया। इसके अलावा 66 महिलाओं को अंतरा इंजेक्शन लगाया गया। साथ ही 1025 छाया, 472 माला एन और 3475 कंडोम का वितरण किया गया। जिन दंपत्ति के एक या दो से अधिक बच्चे हैं, उनमें से 2266 की काउंसलिंग और 62 की नसबंदी की गई, 41 को पीपी आईयूसीडी और 63 को आईयूसीडी का लाभ दिया गया। इसके अलावा 30 महिलाओं को अंतरा इंजेक्शन लगाया गया। साथ ही 357 छाया, 100 माला एन और 1977 कंडोम का वितरण किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here