टार्गेट 2024 : बंगाल जीता, अब दिल्ली की बारी

0
212

कोलकाता : बंगाल में सत्ता की तीसरी बार मिली ऐतिहासिक जीत के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी का अगला टार्गेट राजधानी दिल्ली है। अपनी इस जीत के बाद ममता 25 जुलाई को दिल्ली दौरे पर जा रही हैं। ममता का यह दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2024 के लिए मजबूत विपक्ष को तैयार करने में ममता की महत्वपूर्ण भूमिका होने जा रही है। इसका कारण है विधानसभा में जिस तरीके से ममता बनर्जी ने भाजपा को शिकस्त दी वह किसी के लिए भी कल्पना से परे था। ममता को मिली इस जीत के बाद विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं ने भी दीदी का लोहा माना तथा उन्हें मोदी टीम के सामने एक मजबूत कड़ी के रूप में देखा जाने लगा।

विपक्ष के तमाम नेताओं के साथ होगी बैठक

वैसे तो ममता बनर्जी संसद सत्र के दौरान हमेशा ही दिल्ली जाती हैं, विपक्ष के बड़े नेताओं से भी औपचारिक मुलाकात करती हैं लेकिन इस बार यह दौरा और उनकी मुलाकातें काफी महत्वपूर्ण तरीके से देखी जा रही हैं। ​इस बीच प्रशांत किशोर का सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलना, शरद पवार का पीएम से मिलना, राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस बीच खुद दीदी का जाकर इन नेताओं के साथ मिलना कई समीकरण को बदलने जैसा होगा।

राष्ट्र स्तर पर 21 जुलाई का संबोधन है महत्वपूर्ण

इस बार तृणमूल 21 जुलाई की महारैली बड़े पैमाने पर यानी राष्ट्रस्तर पर करने जा रही है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वर्चुअल तरीके से दीदी समस्त राज्यों में अपने कार्यकर्ता और समर्थकों को संबोधित करने वाली हैं। इसकी तैयारी भी जोरों से चल रही है। तृणमूल की यह महारैली एक तरीके से पार्टी के लिए एक बड़ा मंच है जहां से वह राष्ट्रीय राजनीति के अखाड़े में कदम रखने जा रही है।

किसानों से मिलने जा सकती हैं सिंधु बाॅर्डर

ममता बनर्जी दिल्ली दौरे के दौरान इस बार आंदोलन पर बैठे किसानों से मिलने ​सिंधु बाॅर्डर भी जा सकती हैं। यहां महीनों से किसान आंदोलन पर बैठे हैं। इन किसानों को ममता बनर्जी शुरू से ही अपना समर्थन दे रही हैं तथा केंद्र की भाजपा सरकार से इसका निचोड़ निकालने की बराबर अपील करती आ रही हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here