सपा महिला सभा की पूर्व प्रदेश सचिव जूही सिंह ने कोटे का सारा पैसा जमा कर दिलाया गरीबों को निःशुल्क राशन

0
838

 

पूर्व प्रदेश सचिव जूही सिंह व उनके पति विकास सिंह के इस कार्य की हुई सराहना

आर्थिक तंगी के चलते सरकारी दाम पर भी राशन नहीं ले पा रहे थे गरीब

डलमऊ (रायबरेली)। कोविड-19 की वैश्विक महामारी ने आम जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। प्रतिदिन खाने और कमाने वाले मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परेशान मजदूर सरकारी दाम चुकाकर भी सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों से राशन खरीदने की हैसियत में भी नहीं हैं। तहसील क्षेत्र की तमाम ऐसी कोटे की दुकानें हैं जहां हर माह गरीब पूरा राशन नहीं ले पाते हैं। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलीपुर बैरहना में दर्जनों परेशान गरीबों को समाजवादी पार्टी महिला सभा की पूर्व प्रदेश सचिव जूही सिंह और उनके पति विकास सिंह की ओर से नि:शुल्क राशन उपलब्ध कराया गया। गरीबों को वितरित किये गये इस राशन का पूरा मूल्य जूही सिंह और उनके पति के द्वारा सम्बन्धित कोटेदार को चुकता किया गया। गरीबों ने इस महामारी के दौरान की गई इस मदद के लिए सपा नेत्री व उनके पति को धन्यवाद दिया है।
बैरहना में रहने वाले दर्जनों गरीब सरकारी दरों पर भी राशन खरीदने की स्थिति में नहीं थे। इस बात की जानकारी जब सपा महिला सभा की पूर्व प्रदेश सचिव जूही सिंह और उनके पति विकास सिंह को हुई तो उन्होंने गांव के हर गरीब को नि:शुल्क राशन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। उक्त दोनों लोगों ने इस सम्बन्ध में सम्बन्धित कोटेदार से बात की और सभी गरीबों को राशन देने के बदले में आने वाले सरकारी व्यय को जमा कराया। इसके बाद दर्जनों की संख्या में कोटेदार की दुकान पर पहुंचे गरीबों को नि:शुल्क राशन वितरित किया गया। इस दौरान गरीबों ने जूही सिंह और उनके पति विकास सिंह के प्रति आभार ज्ञापित किया और कहा कि इस महामारी के दौर में उक्त दम्पति ने गरीबों के लिए मसीहा बनने का काम किया है। इस सम्बन्ध में सपा की पूर्व प्रदेश सचिव जूही सिंह ने कहा कि गरीबों की मदद ही सच्ची मानवता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ‘भैया जी’ ने हमेशा गरीबों की मदद पर बल दिया है। समाज का एक बड़ा तबका आज भी तंगहाली से गुजर रहा है, जिसकी वजह से वह न तो भरपेट भोजन कर सकता है और न ही जीविकोपार्जन के लिए समुचित साधन जुटा सकता है। उन्होंने कहा कि हर सामथ्र्यवान को गरीबों की मदद करनी चाहिए। विकास कांस्ट्रक्शन कम्पनी के मालिक विकास सिंह ने कहा कि मानवता की सेवा सबसे बड़ा पुण्य का काम है। उन्होंने कहा कि बलीपुर बैरहना के लोगों की मदद के लिए हर सम्भव प्रयास करूंगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले गांव के लोगों के बीच मास्क और सैनिटाइजर का वितरण भी विकास सिंह द्वारा कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि डलमऊ क्षेत्र के हर जरूरतमंद की यथासम्भव मदद के लिए मैं हमेशा तैयार हूं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here