मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार की मां अरुणा भाटिया का निधन हो गया है। अक्षय कुमार ने बुधवार की सुबह ट्वीट कर इस दुखद खबर की जानकारी दी है। बता दें, अक्षय की मां अरुणा भाटिया लंबे समय से बीमार थीं और मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती थीं।
अक्षय कुमार ने भारी मन से पोस्ट करते हुए लिखा- आज मैं एक असहनीय दर्द महसूस कर रहा हूं। वो मेरा अहम हिस्सा थीं। मेरी मां श्रीमती अरुणा भाटिया आज सुबह शांतिपूर्वक इस दुनिया को छोड़कर दूसरी दुनिया में मेरे पिता से मिल गईं। मैं आपकी प्रार्थनाओं का सम्मान करता हूं क्योंकि मैं और मेरा परिवार इस दौर से गुजर रहे हैं। ओम शांति।
आपको बता दें कि अक्षय कुमार की मां अरुणा भाटिया की हालत बहुत दिनों से नाजुक बनी हुई थी और इसी वजह से उन्हें मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। परिवार के कहने पर अस्पताल ने अरुणा भाटिया की ट्रीटमेंट की डिटेल्स को छिपाकर रखा है। शुक्रवार की शाम अक्षय की मां अस्पताल में भर्ती हुई थीं। अक्षय कुमार अपनी मां के बेहद करीब हैं। खबर मिलते ही अक्षय लंदन से मुंबई वापस लौटे।
अक्षय कुमार के जन्मदिन से एक दिन पहले उनकी मां इस दुनिया को अलविदा कह गईं। आपको बता दें कि अक्षय ने मंगलवार को ही फैंस से अपनी मां के लिए दुआ मांगने के लिए कहा था। अक्षय ने लिखा था, ‘मेरी मां को लेकर आप सभी कि चिंता देखकर काफी इमोशनल हूं। ये मेरे और मेरे परिवार के लिए मुश्किल समय है। आप सभी की प्रार्थनाओं की जरूरत है।’