टोक्यो पैरालिंपिक : प्रमोद भगत ने बैडमिंटन में जीता पहला गोल्ड मेडल

0
267

टोक्यो: टोक्यो पैरालिंपिक में भारत को बैडमिंटन में प्रमोद भगत ने पहला गोल्ड मेडल दिलाया है। प्रमोद भगत ने पुरुष सिंगल्स के एसएल 3 कैटेगरी के फाइनल में डैनियल ब्रेथेल को मात दी है। इसी इवेंट का कांस्य मेडल भारत के मनोज सरकार के नाम रहा है। प्रमोद भगत ने 45 मिनट तक चले मुकाबले में डेनियाल को 21-14, 21-17 से मात दी। वर्ल्ड नंबर वन खिलाड़ी प्रमोद भगत फाइनल में पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी भी बने थे।

प्रमोद कुमार का सामना ग्रेट ब्रिटेन के डेनियल ब्रेथेल से था। दोनों के बीच पहले गेम में अच्छा मुकाबला देखने को मिला।इसके पहले गेम में डैनियाल ने शुरुआत में बढ़त लेने की कोशिश की लेकिन प्रमोद ने अच्छी वापसी के साथ पहला गेम 21-14 से अपने नाम किया। यह गेम 21 मिनट तक चला। इसके अगले में डैनियाल ने शुरुआत में लंबी लीड बना ली थी। एक समय पर प्रमोद 4-12 से पिछड़ रहे थे। लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की और दूसरा गेम 21-17 से अपने नाम किया।

वहीं दूसरी ओर इसी इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल मैच में मनोज सरकार ने जापान के फुजीहारा को मात दी। मनोज सरकार का सामना जापान के फुजिहारा डेसुके से था। फुजिहारा को सेमीफाइनल में प्रमोद भगत ने मात दी थी। मनोज सरकार पहले गेम में पिछड़ रहे थे लेकिन फिर उन्होंने जबरदस्त वापसी की और 27 मिनट तक चले इस रोमांच गेम को 22-20 से अपने नाम किया। वहीं दूसरा गेम उन्होंने महज 19 मिनट में 21-13 से अपने नाम किया।

बता दें कि टोक्यो पैरालंपिक का 11वां दिन भारत के लिए अभी तक बेहद शानदार रहा है। भारत को आज अभी तक दो स्वर्ण समेत चार मेडल मिले हैं। दिन की शुरुआत में ही भारत की झोली में निशानेबाजी से दो पदक आए। इसमें मनीष नरवाल ने स्वर्ण तो सिंहराज रजत पदक जीता। पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा एसएच-1 स्पर्धा में मनीष ने गोल्ड मेडल जीता। जबकि इसी स्पर्धा में सिंहराज अडाना ने बेहतरीन निशाना साधते हुए रजत पदक पर कब्जा किया है। यह सिंहराज का टोक्यो पैरालंपिक में दूसरा पदक है। वहीं बैडमिंटन में प्रमोद भगत ने पुरुष सिंगल्स एसएल-3 स्पर्धा का गोल्ड तो मनोज सरकार ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here