यूपी महोत्सव की 16वीं संध्या में बॉलीवुड गीतों संग राजस्थानी नृत्य की बिखरी छटा, अंतिम दिन आज

धीरेन्द्र मिश्रा/ कैनविज टाइम्स

लखनऊ। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के तत्वावधान में चल रहे 15वें यूपी महोत्सव के समापन के एक दिन पहले रविवार को बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ महोत्सव पहुँचे। अनवरत चल रहे यूपी महोत्सव की सोलहवीं सांस्कृतिक सन्ध्या में बॉलीवुड गीतों संग राजस्थानी नृत्य की मनोरम छटा बिखरी। विदाई बेला की ओर बढ़ चले यूपी महोत्सव की सोलहवीं सांस्कृतिक सन्ध्या का शुभारम्भ किया गया। संगीत से सजे कार्यक्रम के अगले प्रसून में दीक्षा वर्मा ने दुर्गा स्तुति पर अभिनय युक्त नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भगवती देवी दुर्गा के नवो रूपों के दर्शन करवाए। भक्ति भावना से परिपूर्ण अगली प्रस्तुतियों में खुशबू, छवि और आराध्या ने श्री राम चन्द्र कृपालु भजमन पर अपने आकर्षक नृत्य से राम भक्ति के सागर में दर्शकों को आकन्ठ डुबोया। मन को मोह लेने वाली इस पेशकश के बाद सिद्धि सिंह ने घर मोरे परदेशीया, सुहानी, प्रदीप्ता और आराध्या ने ओ रे पिया, अदिती सिंह व अनुष्का सिंह ने मनवा लागे गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। इसी क्रम में कनक सिद्धार्थ ने घूमरो घूमरो श्याम रंग घूमरो पर आकर्षक राजस्थानी घूमर नृत्य की मनोरम छटा बिखेरी। संगीत सजे कार्यक्रम के अगले सोपानों में अपर्णा कुमार, तुषार, अनूप और रुद्रांश ने संयुक्त रूप से गिटार वादन के साथ बॉलीवुड गीतों की रस सरिता प्रवाहित की।

वहीं रविवार दिन में यूपी महोत्सव में कवित्रियों ने अपनी रचनाओं से नारी के विभिन्न रूप दिखाए। प्रगतिशील मानव कल्याण एवं शिक्षण संस्थान व साहित्य 24 के संयुक्त तत्वावधान में काव्य रंग 2023 ‘नारी के रूप अनेक’ विषयक कवि सम्मेलन राधा बिष्ट के संयोजन एवं ओम सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस मौके पर डॉ रश्मि सिन्हा ने बेटियां जब बड़ी हो जाती है, सिर्फ बेटी नहीं दोस्त हो जाती है..सुनाकर तालियां बटोरी। इसके तत्पश्चात नेह अग्रवाल ‘नेह ‘ ने तुम छपाक से फेर आए तेजाब व पलक ने वह सदन शून्य हो जाता है जिस घर मे बेटी आती है। अपनी प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद डॉ रश्मि श्रीवास्तव, आकांक्षा, रितुजा बघेल, डॉ दीपा सनवाल आदि ने भी अपना काव्यपाठ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षा कर रही ओम सिंह ने सभी कवियत्रियों का आभार प्रदर्शित किया। कार्यक्रम संयोजिका राधा बिष्ट ने सभी को पौधा प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में कवियत्री करुणा पाण्डेय, शिखा सिंह, मोहन सिंह विष्ट, मनोज सिंह चौहान मौजूद रहे। यूपी महोत्सव के आयोजको ने बताया कि आज सोमवार को इस महोत्सव का समापन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here