श्री रामलीला समिति ऐशबाग ने की प्रेसवार्ता, 15 अक्टूबर से शुरू होगा ‘रामोत्सव’

धीरेन्द्र मिश्रा/ कैनविज टाइम्स

– 25 अक्टूबर को भरत मिलाप के साथ निकलेगी शोभायात्रा

लखनऊ। श्री रामलीला समिति ऐशबाग लखनऊ के तत्वावधान में 15 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक श्री राम लीला समिति ऐशबाग के प्रांगण में ‘रामोत्सव-2023’ का आयोजन किया जाएगा। इस बात की जानकारी तुलसी सभागार मे श्री राम लीला समिति ऐशबाग के सचिव पं आदित्य द्विवेदी और अध्यक्ष हरीश चन्द्र अग्रवाल ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता में दी। पं आदित्य द्विवेदी ने बताया कि ‘रामोत्सव -2023’ का शुभारम्भ 15 अक्टूबर से होगा, जिसके अंतर्गत गणेश जन्म, आकाशवाणी, राम जन्म, विश्वामित्र का राम को ले जाना, ताड़का वध, मारीच सुबाहु वध, अहिल्या उद्धार लीला होगी। इसके अलावा नृत्या डांस एकेडमी और रुद्र कला एकेडमी का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसी प्रकार 16 अक्टूबर को फुलवारी लीला, जनक प्रतिज्ञा, धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर, परशुराम लक्ष्मण संवाद, राम जानकी विवाह, विदाई लीला होगी। इसके अलावा स्वर म्यूज़िक एकेडमी, सुरभि कल्चरल डांस एकेडमी और उड़ान डांस एकेडमी का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
उन्होनें बताया कि 17 अक्टूबर को बारात का अयोध्या प्रस्थान, राम राज्याभिषेक की घोषणा, दशरथ कैकई संवाद, राम वन गमन, प्रजा विद्रोह लीला होगी। इसके अलावा सुन्दरन आर्ट एकेडमी, नृत्य मंथन स्कूल ऑफ डांस का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। वहीं पंडित आदित्य द्विवेदी ने बताया कि 18 अक्टूबर को निषादराज राम मिलन, केवट संवाद, सुमंत्र का वापस जाना, दशरथ विलाप, श्रवण कुमार कथा, दशरथ स्वर्ग गमन, कैकई भरत संवाद, मंथरा का महल से निष्कासन और कैकई परित्याग लीला होगी। इसके अलावा जलोटा एकेडमी, हार्ट एण्ड सोल डांस एकेडमी और नव कला डांस एकेडमी का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, 19 अक्टूबर को कुटिया निर्माण, सीता स्वप्न दर्शन, भरत का वन प्रस्थान, निषादराज भरत संवाद, भरत राम मिलन, भरत का चरण पादुका लेकर वापस जाना, भरत का महल त्याग देना, नंदीग्राम गमन, कैकई भरत संवाद एवं कैकई विलाप लीला होगी। इसके अलावा आशा नृत्यांगना फाऊंडेशन और अक्षरा आर्ट एण्ड डांस एकेडमी का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। प्रेसवार्ता में श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष हरीश चन्द्र अग्रवाल ने बताया कि 20 अक्टूबर को सूपनखा का राम के प्रति कामातुर होना, लक्ष्मण द्वारा नासिका विच्छेदन, सूपनखा का रावण के दरबार जाना, रावण मारीच संवाद, सीता हरण, जटायु वध, सीता खोज और जटायु राम संवाद लीला होगी। इसके अलावा धानवी फाऊंडेशन और आंचल समाज उत्थान सेवा समिति का सांस्कृतिक कार्यक्रम, 21 अक्टूबर को राम शबरी मिलन, राम हनुमान मिलन, राम सुग्रीव मिलन, अंगद तारा संवाद, बाली तारा संवाद, सुग्रीव बाली युद्ध, बाली वध, तारा विलाप लीला होगी। इसके अलावा स्वरतमीका इंस्टीटयूट ऑफ डांस एकेडमी और नृत्य धाम एकेडमी का सांस्कृतिक कार्यक्रम, 22 अक्टूबर को अशोक वाटिका में रावण सीता संवाद, त्रिजटा सीता संवाद, राम लक्ष्मण संवाद, क्रोधित लक्ष्मण का सुग्रीव के पास जाना, सीता खोज, संपाती मिलन, हनुमान का लंका प्रस्थान, समुद्र लांघना, विभीषण हनुमान संवाद, रावण सीता संवाद, हनुमान सीता संवाद, अशोक वाटिका विध्वंस, अक्षय वध, हनुमान का ब्रह्मफांस में बंधना, रावण हनुमान संवाद और लंका दहन लीला होगी। इसके अलावा सृजन डांस परफार्मींग आर्ट और सुभद्रा नृत्य निकेतन का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, 23 अक्टूबर को रामा दल में हनुमान का चूड़ामणि देना, दरबार से विभीषण का निष्कासन, राम विभीषण मिलन, विभीषण राज्याभिषेक, समुद्र पूजा, सेतुबंध स्थापना, रावण अंगद संवाद, युद्ध घोषणा, दुर्मुख वध, कुंभकरण रावण संवाद, कुंभकरण वध, नाग फांस, लक्ष्मण शक्ति, संजीवनी लाना व मेघनाथ वध लीला होगी। इसके अलावा नृत्य सुन्दरम डांस स्टूडियो का सांस्कृतिक कार्यक्रम व 24 अक्टूबर को विजयादशमी, मंदोदरी रावण संवाद, मेघनाथ वध, रावण वध एवं पुतला दहन और आतिशबाजी होगी। इसके अलावा यशी चतुर्वेदी का नृत्य एवं 25 अक्टूबर को भरत मिलाप शोभायात्रा ऐशबाग रामलीला परिसर से निकाली जायेगी, जो राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस रामलीला परिसर पहुंचेगी, जहां पर भरत मिलाप और राम का राज्याभिषेक एवं बधाई गीतों संग लोकनृत्य की मनोरम प्रस्तुति होगी तथा 26 अक्टूबर को ‘रामोत्सव-2023’ का समापन लवकुश लीला के साथ होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here