10 नई जेलों के निर्माण से जेलों की ओवर क्राउडिंग की समस्या जल्द होगी दूर :- धर्मवीर प्रजापति

धीरेन्द्र मिश्रा/ कैनविज टाइम्स

● जेल अधीक्षक फतेहपुर द्वारा लिखित पुस्तक “बदलती जिंदगी जिला कारागार फतेहपुर” का किया विमोचन

लखनऊ। उप्र के कारागार एवं होमगार्डस राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रदेश के कुछ जनपदों में कैदियों की ओवरक्राउडिंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नयी जेलों का निर्माण कराया जायेगा। साथ ही प्रदेश की जेलों को और सुरक्षित बनाने के साथ ही खान पान की व्यवस्था बेहतर बनाया जायेगा। प्रजापति ने कहा कि प्रदेश में 10 ऐसे जनपद है जहां पर कारागार का निर्माण होना है। जल्द ही 10 जनपदों को जेल की उपलब्धता हो जायेगी। उन्होने बताया कि जेल निर्माण हेतु जमीनों का अधिग्रहण किया जा चुका है। नए जेलों के निर्माण से कुछ जेलों की ओवर क्राउडिंग की समस्या दूर हो सकेगी। कारागार मंत्री ने विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिला कारागार फर्रूखाबाद को मिले हुये 05 स्टार प्रमाण पत्र को स्वीकार किया। यह प्रमाण पत्र जेल अधीक्षक भीमसेन मुकुन्द ने मंत्री को भेंट किया। इस मौके पर जेल अधीक्षक फतेहपुर द्वारा लिखित पुस्तक “बदलती जिंदगी जिला कारागार फतेहपुर” का विमोचन भी किया। मंत्री ने कहा कि इस पुस्तक से दूसरे जेल अधीक्षकों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होने कहा कि वर्तमान समय में कारागार सुधार गृह के रूप में तबदील हो चुकी है। हमारा प्रयास है कि बंदी जेल में निरूद्ध रहते हुये कुछ अच्छा सीखे और अपने विचारों में परिवर्तन कर सके। इसी उद्देश्य के साथ कारागार में शिक्षा एवं संस्कृति को एक अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। जेलों की व्यवस्था में लगातार बदलाव हो रहा है। बन्दियों को कौशल विकास से भी जोड़ा जा रहा है। बन्दियों के बच्चों की पढ़ाई हेतु अध्यापकों की व्यवस्था अलग से की गई है। उन्होने बताया कि उनके प्रयत्नों से ही 81 वर्ष पुराना जेल मैन्युअल संशोधित किया गया। प्रधानमंत्री ने भी मन की बात में उप्र के जेल की चर्चा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here