गोद ली गई तीन वर्षीय बेटी की कर दी थी हत्या, भारतवंशी पिता को कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा

0
231

अमेरिका में तीन वर्षीय भारतीय बच्ची शेरिन मैथ्यूज की हत्या में उसके पिता वेस्ले मैथ्यूज (39) को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। भारतीय मूल के मैथ्यूज ने शेरिन को गोद लिया था। 2017 में शेरिन का शव डलास में वेस्ले के घर से एक किलोमीटर दूर मिला था। उस समय इस घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था।

अमेरिका के डलास शहर के जज एंबर गिवेंस-डेविस ने बुधवार को सजा का एलान किया। सजा सुनाए जाने के दौरान वेस्ले एकटक सामने देखता रहा और ज्यूरी की ओर एक बार भी नहीं देखा। 12 सदस्यीय ज्यूरी ने एकमत से वेस्ले को उम्रकैद की सजा देने का फैसला लिया।

इसके पहले अभियोजकों ने अपनी दलील में कहा कि केरल से ताल्लुक रखने वाले वेस्ले ने अक्टूबर, 2017 में शेरिन की हत्या कर दी थी। वेस्ले और उसकी पत्नी सिनी मैथ्यूज ने 2016 में बिहार के गया शहर के एक अनाथालय से शेरिन को गोद लिया था। हालांकि वेस्ले ने यह दावा किया था कि दूध पिलाने के दौरान अनजाने में उसका गला दब गया था।

पुलिया के नीचे मिला था शव
शेरिन सात अक्टूबर 2017 को अपने घर से लापता हो गई थी। इस घटना के 15 दिन बाद 22 अक्टूबर को उसका शव डलास में एक पुलिया के नीचे नाले में मिला था। बाद में इसकी पुष्टि हुई थी कि वेस्ले दंपती शेरिन को प्रताडि़त किया करता था।

पुलिस को बरगलाने का किया था प्रयास
वेस्ले ने शुरू में पुलिस को बरगलाने का भी प्रयास किया था। उसने कहा था कि शेरिन दूध नहीं पी रही थी। उसे रात तीन बजे घर के बाहर खड़ा कर दिया था। 15 मिनट बाद जब देखा तो वह गायब थी। वह मामले की जांच कर रहे अधिकारियों को कई दिनों तक बरगलाता रहा।

उसने यह नहीं बताया कि उसकी बेटी का शव कहां है? शव मिलने के बाद पूछताछ में वेस्ले ने स्वीकार किया कि दूध पिलाने के दौरान दम घुटने से उसकी मौत हो गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here