प्रियंका ने सोशल मीडिया पर पीएम नरेंद्र मोदी से किया सवाल

0
185

लखनऊ: लखीमपुर कांड का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को सीतापुर में पीएसी गेस्ट हाउस में रखा गया है। प्रियंका को पुलिस हिरासत में 28 घंटे से ज्यादा का समय हो गया है। बताया जा रहा है कि इस गेस्ट पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया है।

राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी के समर्थन में किया ट्वीट

नेता राहुल गांधी ने बहन प्रियंका गांधी की हिरासत पर बोलते हुए कहा निडर और सच्चे कांग्रेसी हार नहीं मानेंगे। साथ ही कहा कि सत्याग्रह नहीं रुकेगा। बता दें कि बीते दिन भी राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी के समर्थन में ट्वीट किया था। उन्होंने कहा था कि  प्रियंका, मैं जानता हूं तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।

प्रियंका ने सोशल मीडिया पर पीएम नरेंद्र मोदी से किया सवाल

वहीं प्रियंका ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है। उन्होंने किसानों को जीप से कुचलने का वीडियो शेयर करते हुए पूछा है, ‘आप आजादी का अमृत उत्सव मनाने लखनऊ आए हैं। आपने लखीमपुर खीरी का यह वीडियो देखा है। जिसमें आपकी सरकार के एक मंत्री के बेटे की गाड़ी के नीचे किसानों को कुचलते हुए दिखाया गया है।’

प्रियंका ने पीएम से सवाल किया है कि मंत्री और उनका बेटा अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुए हैं? आप इस वीडियो को देखिए और देश को बताइए कि मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया? और मेरे जैसे विपक्षी नेताओं को बिना किसी एफआईआर के हिरासत में क्यों रखा हुआ है? कांग्रेस महासचिव ने पीएम मोदी से लखीमपुर आकर पीड़ित किसानों से मिलने का आग्रह किया है।

क्यों पुलिस की हिरासत में है प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी रविवार रात लखनऊ पहुंची थीं। लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों से रात में ही मिलने निकल पड़ीं। पुलिस ने सोमवार सुबह 5:30 बजे सीतापुर के हरगांव में उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया था। उन्हें पीएसी के गेस्ट हाउस में रखा गया है। प्रियंका को हिरासत में लिए जाने के बाद से ही कार्यकर्ता गेस्ट हाउस के बाहर जुटे हैं। सोमवार की शाम मोमबत्तियां जलाकर प्रदर्शन किया था। आज सुबह से भी रिहाई की मांग को लेकर शासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। पुलिस उनको समझाने का प्रयास कर रही है।

प्रियंका ने झाड़ू लगाकर हिरासत में लेने का जताया था विरोध

सोमवार को प्रियंका गांधी ने गेस्ट हाउस के कमरे में झाड़ू लगाते हुए वीडियो जारी किया था। कांग्रेस का कहना था कि प्रियंका उन्हें हिरासत में लिए जाने का विरोध झाड़ू लगाकर कर रही हैं। वहीं, प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘ये अनशन है अन्नदाता के अधिकार के लिए, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए। भाजपाई हुकूमत हमारे लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों को नहीं कुचल सकती। गांधीजी के पथ पर चलते हुए अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी’।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here