समुद्री ककड़ी चुराने पर सीफूड कंपनी के मालिक पर 108 करोड़ जुर्माना, दो साल की कैद

0
360

न्यूयॉर्क – अमेरिका की एक सीफूड कंपनी के मालिक को तय सीमा से 20% ज्यादा समुद्री ककड़ी (सी कुकुम्बर) निकालने का दोषी पाया गया। उसे दो साल की सजा सुनाई गई। 15 लाख डॉलर (करीब 108 करोड़ रुपए) का जुर्माना लगाया गया। हून नामकूंग (62) को पहले भी समुद्री ककड़ियों की चोरी में दोषी पाया गया था। सी कुकुम्बर समुद्री जीव है। चीन और दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों में इसकी काफी मांग है।

हून की कंपनी का नाम ओरिएंट सीफूड प्रोडक्शन है। आरोप था कि 2014 से 2016 के बीच हून ने 1 लाख 13 हजार 400 समुद्री ककड़ियां निकालीं और उन्हें एशिया के बाजारों में बेचा। अमेरिका में समुद्री ककड़ी निकालने की इजाजत है, लेकिन कितनी निकाली इसकी सही जानकारी देना जरूरी है। समुद्री ककड़ी, सी अर्चिन और स्टार फिश जैसे जीवों से संबंधित है। यह कोरल रीफ (मूंगे की चट्टानों) और समुद्री पर्यावरण को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती है। यह समुद्र में ज्यादा अम्लीयता भी नहीं बढ़ने देती।

अमेरिकी अटॉर्नी एनेट हेन्स के मुताबिक, जितनी सी कुकुम्बर निकालने की इजाजत होती है, नामकूंग ने उससे 20% ज्यादा निकाली और इकोसिस्टम को नुकसान पहुंचाया। एनेट हेन्स ने यह भी कहा- अवैध तरीके से समुद्री जीवों को मारने से हमारे ही स्रोतों का नुकसान है। अगर यही सबकुछ चलता रहा तो हम आने वाली पीढ़ी को कैसे स्वस्थ रख पाएंगे।

समुद्री ककड़ी निकाले जाने पर वॉशिंगटन प्रशासन और ट्राइबल अथॉरिटीज नजर रखती हैं। इसे समुद्री जीवों का कारोबार करने वालों के दस्तखत किए गए टिकट से ट्रैक किया जाता है। नामकूंग ने अपनी दलील में कहा कि बीते तीन सालों में गलत तरीके से उसके साइन किए हुए टिकट पेश किए गए। उसका यह भी कहना है कि कहीं भी रिकॉर्ड नहीं है कि उसने कितनी मात्रा में समुद्री ककड़ी निकालीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here